फिरोजाबाद में नारखी थाना पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा पुत्र घनश्याम और मिथुन पुत्र वेदप्रकाश, निवासी केरावली थाना करहल, जनपद मैनपुरी के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी अंशु पुत्र घनश्याम ने पुलिस की घेराबंदी के बाद आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी नारखी और मक्खनपुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में वांछित थे। चोरी का माल बेचने के लिए बाइक से जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने जलेसर पुल सर्विस रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा और मिथुन के पैर में गोली लग गई। वहीं, अंशु ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
घायल दोनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से दो चेन, एक अंगूठी, दो जोड़ी पायल, तीन करधनी, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स और 10,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने दो तमंचे 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा पर विभिन्न जनपदों में तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। अनुज और मिथुन की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में सामने आया कि 18 मार्च 2026 को नारखी क्षेत्र के हरीनगर लदपुरा में घर का ताला तोड़कर हुई चोरी तथा 20 अगस्त को मक्खनपुर क्षेत्र के राजपुर बलाई में हुई चोरी के मामलों में भी इन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। इस कार्रवाई में नारखी थाना प्रभारी राकेश कुमार गिरी, एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार तथा मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हथियार, कारतूस, नकदी, आभूषण तथा बाइक बरामद की। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बरामदगी, आपराधिक इतिहास और पूर्व की चोरी की घटनाओं के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
