
इटावा के महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार सुबह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय युवक की दौड़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक मैदान में दौड़ते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। साथी अभ्यर्थियों ने तत्काल उसे संभाला और CPR देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। मृतक की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के यशोदा नगर निवासी आकाश के रूप में हुई है। बताया गया कि आकाश उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब छह बजे स्टेडियम में दौड़ लगाने पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक, आकाश अन्य युवकों के साथ मैदान में दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। उसे गिरता देखकर साथी खिलाड़ी तुरंत उसके पास पहुंचे और उसे होश में लाने का प्रयास किया। स्टेडियम में मौजूद लोगों ने CPR भी दिया। हालत गंभीर देखते हुए साथी उसे कार से डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात डॉ. श्याम मोहन ने जांच के बाद आकाश को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर दौड़ने के दौरान कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। स्टेडियम में मौजूद साथी खिलाड़ी राहुल ने बताया कि आकाश पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए अन्य युवकों के साथ दौड़ लगा रहा था। अचानक वह जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिपिक नरेश पाल सिंह ने भी बताया कि आकाश दौड़ते समय अचानक गिर गया था। वहां मौजूद लोगों ने उसे संभाला और CPR देने के बाद अस्पताल भेजा गया। बताया गया है कि आकाश चार भाइयों में एक था। उसका एक भाई सुल्तानपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है, जबकि उसके पिता फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित पावर कॉरपोरेशन में नौकरी करते हैं। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे और शव को अपने साथ ले गए। घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद स्टेडियम में भी शोक का माहौल है।
