
इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम परमधाम में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पशुबाड़े में चारपाई पर एक 70 वर्षीय किसान का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पहचान सिद्ध स्वरूप के रूप में हुई है। बताया गया कि सिद्ध स्वरूप रोज की तरह सोमवार रात घर के पास बने पशुबाड़े में सोने के लिए गए थे। मंगलवार सुबह जब उनकी पत्नी पशुबाड़े में पहुंचीं तो चारपाई पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपी के संबंध में अभी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इकदिल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।