जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर बुधवार को इटावा शहर में जुलूसे मुहम्मदी बारिश के बीच पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। उलेमा-ए-कराम की सरपरस्ती में निकले जुलूस का आगाज मौलाना जाहिद रज़ा साहब ने झंडी दिखाकर किया। जुलूस में बड़ी संख्या में आशिकान-ए-रसूल ﷺ ने शामिल होकर नात-ए-पाक, दरूद व सलाम पेश किए।
जुलूस के मौके पर अंजुमन हुसैनिया के सदर जनाब सरफराज साहब, पूर्व चेयरमैन नगरपालिका फुरकान अहमद सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। जुलूस के उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी इटावा शुभ्रान्त कुमार शुक्ल भी पहुंचे। अंजुमन हुसैनिया कमेटी की ओर से डीएम का इमामा पहनाकर पुरखुलूस इस्तकबाल किया गया।
इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने आपसी भाईचारे, अमन, सौहार्द और मोहब्बत का संदेश दिया। बारिश के बावजूद जुलूस को लेकर लोगों में उत्साह और अकीदत में कोई कमी नहीं दिखाई दी। जुलूस के रास्ते में माहौल नात-ए-पाक और दरूद व सलाम की सदाओं से गूंजता रहा।

जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, एडीएम शंशाक श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर सिंह, सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह, शहर कोतवाल यशवंत सिंह, स्पेशल पुलिस अधिकारी आलोक दीक्षित, आफताब खान सहित भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे।

यह जुलूस बड़ा होने के कारण शहर के मुख्य चौराहों नौरंगाबाद, साबित गंज, तहसील, बल्देब चौराहे से पचराहे तक सुबह 9 बजे से लेकर 12 बजे तक सभी मार्गो पर जाम व अवरोध हो जाने के कारण कचहरी जाने वाले अधिवक्ताओं, वायरल मरीजों को स्टेशन व बस से जानें वाले लोगों को आज काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जहां इस मार्गों पर दुपहिया वाहन नहीं निकल पाया। लोग पैदल जाने के लिए मजबूर होना पड़ा तथा चौराहों पर पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मार्ग पर निगरानी बनाए रखी। प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
रजत यादव पत्रकार
मो.7417197064