
जसवन्तनगर में गृहक्लेश से नाराज एक युवक नवीन गल्ला मंडी के मुख्य द्वार के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के नीचे रखे ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। युवक को ट्रांसफार्मर पर बैठा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राहत की बात रही कि उस समय बिजली की सप्लाई बंद थी।
मोहल्ला गुलाब बाड़ी निवासी 30 वर्षीय शीलू पुत्र हरमुख यादव किसी बात को लेकर अपने परिजनों से नाराज था। इसी नाराजगी में वह गल्ला मंडी के पास पहुंचा और ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया।
सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के जेई कौशल पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को नीचे उतारने के लिए करीब एक घंटे तक समझाने का प्रयास किया गया। परिजनों ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

इसके बाद जेई कौशल पांडेय ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे शांत कराया और समझाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवक अविवाहित बताया गया है।
रिपोर्ट- रजत यादव
मो.7417197064