
इटावा में परशु पुरा बाजार में बाजार वाले दिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। बिजौली पुल से सराय जलाल पुल तक हाईवे-19 पर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि बाजार में आने-जाने वाले पशुओं के साथ कथित रूप से क्रूरता की जाती है। पशुओं को वाहनों से उतारने और चढ़ाने के लिए यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय का इस्तेमाल किए जाने की भी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसके नाम पर किसानों से 50 रुपये तक वसूले जाते हैं। बाजार के आसपास वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और भीड़ के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि आपात स्थिति में एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को भी निकलने में परेशानी हो सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस, नेशनल हाईवे से जुड़ी टीम और स्थानीय पुलिस की ओर से इस अव्यवस्था पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने जिम्मेदार विभागों से बाजार वाले दिन यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और पशुओं के साथ कथित क्रूरता तथा अवैध वसूली के आरोपों की जांच कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: रजत यादव
मो. 7417197064