
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 10वीं कक्षा की छात्रा शनाया बिष्ट ने 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। इसमें उसने लिखा कि वह यह कदम पढ़ाई के दबाव की वजह से उठा रही है। छात्रा ने सुसाइड नोट में किसी को दोष नहीं दिया और खुद को ही जिम्मेदार बताया।
सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने माता-पिता के प्रति प्यार जताते हुए लिखा कि उसे उनसे बहुत प्यार है। साथ ही उसने परिवार के लोगों से अपनी चिंता न करने और अपनी जिंदगी खुशी-खुशी जीने की बात कही।
छात्रा ने अपनी छोटी बहन रिद्धि का भी जिक्र करते हुए माता-पिता से कहा कि उसकी वजह से रिद्धि का भविष्य खराब न होने दें।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।