
जनपद इटावा के ब्लाक बढ़पुरा ग्राम पंचायत कामेत में बाह रोड से बेदरी के घर होते हुए नहर तक जाने वाला करीब 600 मीटर लंबा और 11 फीट चौड़ा रास्ता इन दिनों बदहाल स्थिति में है। रास्ते पर पानी भर जाने के कारण यह मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। चकरोड भी बंद होने से आसपास के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार रास्ता खराब होने और जलभराव के चलते किसानों को खेतों की जुताई-बुवाई, खाद-बीज पहुंचाने तथा कृषि संबंधी अन्य सामान ले जाने में काफी दिक्कत हो रही है। बरसात के दौरान समस्या और गंभीर हो गई है। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

बताया गया है कि इस मार्ग से खेत संख्या 1666, 1667 और 1668 सहित आसपास के कई खेतों तक पहुंच होती है। इन खेतों में कृष्णा गोपाल, ब्रजेश, राकेश, ब्रजकिशोर, योगेश चंदन, योगेंद्र, अमन, गौरव, सनी राजावत सहित कई अन्य किसानों की कृषि भूमि है। रास्ता बंद होने से इन सभी किसानों की रोजमर्रा की कृषि गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
रास्ता ठीक होने से किसानों के साथ क्षेत्रवासियों को भी मिलेगी राहत
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस रास्ते की मरम्मत कराकर इसे आवागमन योग्य बना दिया जाए तो किसानों की समस्या दूर होने के साथ-साथ पारपट्टी क्षेत्र के लोगों को भी स्टेशन जाने में काफी सुविधा मिलेगी। यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी स्थिति खराब होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने जिले के जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराकर रास्ते से जलभराव हटवाया जाए तथा चकरोड को दुरुस्त कराकर मार्ग को जल्द से जल्द आवागमन योग्य बनाया जाए, जिससे किसानों को खेतों तक पहुंचने और आम लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
रजत यादव संवाददाता
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064