
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वावधान में शनिवार को जनपद न्यायालय इटावा एवं विभिन्न राजस्व न्यायालयों तथा प्रशासनिक विभागों में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा रजत सिंह जैन के निर्देशन में आयोजित लोक अदालत में कुल 1,00,254 मामलों का निस्तारण किया गया। जो जनपद का सबसे सफल राष्ट्रीय लोक अदालत कार्य सम्पन्न हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों एवं बैंकों से संबंधित प्री-लिटिगेशन मामलों का भी बड़ी संख्या में निस्तारण किया गया। कुल 95,370 प्री-लिटिगेशन मामलों का समाधान करते हुए 14 करोड़ 28 लाख 13 हजार 638 रुपये की वसूली की गई। प्री-लिटिगेशन और लंबित वादों को मिलाकर कुल 25 करोड़ 47 लाख 85 हजार 755 रुपये की धनराशि वसूल की गई।

लोक अदालत के दौरान जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन ने 7, अपर जिला जज प्रथम अखिलेश कुमार ने 8, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत संजय कुमार चतुर्थ ने 6, विशेष न्यायाधीश आलोक कुमार श्रीवास्तव ने 3 तथा विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट अंकुर शर्मा ने 505 मामलों का निस्तारण किया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ललित नारायण झा एवं अतिरिक्त न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुबोध वार्ष्णेय द्वारा कुल 31 वैवाहिक प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 12 दंपतियों की एक साथ विदाई कराई गई।
इसके अलावा पीठासीन अधिकारी एमएसीटी रामचन्द्र यादव प्रथम ने 154, उपभोक्ता न्यायालय के पीठासीन अधिकारी गुलाब सिंह ने 11 तथा स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने 3 मामलों का निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार एवं अन्य फौजदारी न्यायालयों द्वारा 1,382 शमनीय आपराधिक मामलों का निस्तारण किया गया।
पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों से संबंधित मामलों में पक्षकारों को ऋण भुगतान पर विशेष छूट भी प्रदान की गई। दूर-दराज क्षेत्रों से आए वादकारियों की सुविधा के लिए पेयजल एवं छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, तथा जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी व सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय दुबे उर्फ पप्पन सहित समस्त अधिवक्ताओं तथा बड़ी संख्या में वादकारियों की मौजूदगी रही।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064