
इटावा में ईद-मिलादुन्नबी एवं रक्षाबंधन त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सदर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ सिटी श्री अवनीश कुमार सिंह, शहर कोतवाल श्री यशवंत सिंह सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, जुलूस आयोजक और शहर के प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने सभी लोगों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बारावफात जुलूस के आयोजकों से अपील की कि जुलूस निर्धारित समय और निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए। साथ ही घरों अथवा जुलूसों में ऐसे झंडे या अन्य सामग्री का प्रयोग न किया जाए, जिससे किसी प्रकार का विवाद या धार्मिक भावनाएं आहत होने की स्थिति उत्पन्न हो। शहर कोतवाल यशवंत सिंह ने सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई पोस्ट, फोटो या वीडियो साझा न की जाए, जिससे शहर का माहौल खराब हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में शहर की कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन से त्योहारों के दौरान बिजली, पानी और सड़क व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की। अधिकारियों ने सभी लोगों से अपील की कि वे माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने को कहा गया। बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आलोक दीक्षित, कामिल कुरैशी, भारतेन्द्र भारद्वाज, आफताब खान, गुलशेर, हाजी शहंशाह वारसी, रफत अली खान, साजिद हुसैन, हनी वारसी, इंस्पेक्टर क्राइम श्री कृष्ण मुरारी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।