
इटावा बस स्टैंड के सामने स्थित लोहिया गैस एजेंसी परिसर में शनिवार को एचपीसीएल के अभिनव उत्पाद ‘एचपी नव्या गैस’ का लॉन्च किया गया। कंपनी की ओर से इसे भारत का पहला रबर गैस सिलेंडर बताया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन असिस्टेंट सेल्स मैनेजर एलपीजी शिवानी सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि एचपी नव्या सिलेंडर आधुनिक तकनीक से निर्मित है। यह पारंपरिक सिलेंडरों की तुलना में हल्का, टिकाऊ और जंगरोधी होने के साथ सुरक्षित बताया गया है। उन्होंने कहा कि यह उत्पाद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के उपयोग में अधिक सुविधाजनक अनुभव देने के उद्देश्य से पेश किया गया है और डिमांड पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर सीनियर एरिया सेल्स मैनेजर रिटेल शुभम चक ने कहा कि यह सिलेंडर गैस सप्लाई से जुड़ी समस्याओं को कम करने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से छोटे वेंडरों के लिए इसे सुविधाजनक बताया। लोहिया गैस एजेंसी के प्रोपराइटर सिद्धार्थ प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि फिलहाल पूरे जनपद में उनकी एजेंसी पर ही एचपी नव्या सिलेंडर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इस सिलेंडर में 10 किलोग्राम गैस आती है और इसे घरेलू तथा व्यावसायिक दोनों प्रकार के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर उपयोगी बताया गया है। कार्यक्रम में अरुण कुमार चौहान, राघव भदौरिया, सुनील कुमार शर्मा एडवोकेट, मनोज द्विवेदी समेत अनेक गणमान्य नागरिक और उपभोक्ता गण मौजूद रहे।
