
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, इटावा सहित जन सहयोगी बालिका इंटर कॉलेज एवं मनभावती कुंवरी जन सहयोगी इंटर कॉलेज, बसरेहर पहुंचकर परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नकलविहीन तरीके से संपन्न कराई जाए। साथ ही परीक्षा से संबंधित सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
वहीं दूसरी ओर वे मौसम में परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से इटावा पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को शहर में सार्वजनिक सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में एक सार्वजनिक शौचालय बंद मिलने से परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को काफी दिक्कत हुई। शौचालय पर ताला लगा होने के कारण जरूरतमंद लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ा।
आरोप है कि ड्यूटी के दौरान संबंधित केयरटेकर सार्वजनिक शौचालय में ताला लगाकर चला गया। PET परीक्षा के चलते शहर में अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ी हुई थी, ऐसे में सार्वजनिक शौचालय बंद मिलने से नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। शौचालय बंद रहने के मामले में संबंधित केयरटेकर से लेकर सुपरवाइजर तक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
एक ओर प्रशासन परीक्षा को व्यवस्थित और अभ्यर्थियों के लिए सुविधाजनक बनाने के निर्देश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा बंद मिलने से परीक्षार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। अब देखना यह है कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हैं या नहीं।
इस PET परीक्षा में यहां 22 परीक्षा केन्द्रों पर 20,400 अभ्यर्थियों ने दोनों पारियों में शामिल हुए तथा इस बार प्रशासन की ढिलाई होने के कारण थ्री व्हीलर वालों ने व खाने पीने वाले रेस्टोरेंट तथा होटल वालों ने मौसम खराब होने के कारण मनमाने पैसे वसूले किये।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064