
शहर कोतवाली के अस्तल चौंकी के क्षेत्र के तहत मोहल्ला मड़ैया शिवनारायण में आधी रात एक दंपत्ति पर जानलेवा हमले और ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि बीती रात करीब 11:30 से 11:40 बजे के बीच तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब आठ से नौ लोगों ने पिंकी कुमारी के घर के बाहर कई राउंड फायरिंग की और दंपत्ति पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की पूरी तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में तीन बाइकों पर सवार कई लोग घटनास्थल की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। देर रात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
मामले में युवा भाजपा नेता निशांत चौधरी उर्फ गडसा , सनी सविता, अनूप यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद मोहल्ला गल्ला मंडी निवासी आरोपी निशांत चौधरी उर्फ गडसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वहीं, मामले के अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए पिस्टल या अन्य हथियार की बरामदगी भी अभी नहीं हो सकी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल इस घटना के बाद मड़ैया शिवनारायण क्षेत्र के स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है। मामले में पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है।
अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी कब तक होती है।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064