
कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। नवल निवादा गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के दौरान घर में सो रही मां-बेटी मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार नवल निवादा निवासी शांति देवी (70) पत्नी स्वर्गीय रामेश्वर पाल अपनी 30 वर्षीय बेटी नीलू के साथ घर में चारपाई पर सो रही थीं। रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक मकान की दीवार और छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गया। देखते ही देखते मां-बेटी मलबे में दब गईं।

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाया और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही शिवली कोतवाली प्रभारी अमरेन्द्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लगातार बारिश के बीच कच्चा मकान गिरने से हुए इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।