
अम्रपाली एक्सप्रेस में पति और तीन बेटों के साथ चंडीगढ़ से समस्तीपुर जा रही 30 वर्षीय महिला की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा जसवन्तनगर रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नजदीक हुआ। ट्रेन रोककर तलाश शुरू की गई तो करीब 10 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे महिला का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार के समस्तीपुर जिले के अख्तियारपुर चंदैली निवासी अशोक गिरी अपनी पत्नी मीना देवी (30) और तीन बेटों के साथ चंडीगढ़ से समस्तीपुर जा रहे थे। दंपती अम्रपाली एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे। अशोक के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे मीना कोच के गेट के पास बैठी थीं। इसी दौरान उन्हें नींद का झोंका आया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं।
पत्नी के ट्रेन से गिरने की जानकारी होते ही अशोक ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद वह ट्रेन से उतरकर घटनास्थल के आसपास उनकी तलाश करने लगे। बताया गया कि हादसा जसवन्तनगर रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 1173/18 के पास ओवरब्रिज के नजदीक हुआ था।
ट्रेन रुकने के बाद रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई। करीब 10 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे मीना देवी का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मीना देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति अशोक और तीनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जीआरपी ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर परिजनों को घटना की सूचना दी।