
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित यात्रा के जनपद इटावा से होकर गुजरने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के निर्धारित मार्ग, विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार 22 सितंबर 2026 को भरथना विधानसभा एवं इटावा रूट से यात्रा के जनपद में प्रवेश के दौरान अंतरराम टोल प्लाजा (महेवा), महेवा कस्बा, बकेवर कस्बा स्थित देवराज उत्सव गार्डन-भोजन, गोपाला मंदिर बकेवर, इकदिल बाईपास, पक्का बाग इटावा, नगरपालिका चौराहा इटावा, छैराहा इटावा तथा उदी चौराहा बढ़पुरा आदि स्थानों से यात्रा के गुजरने की जानकारी दी गई।
वहीं 23 सितंबर 2026 को जसवन्तनगर विधानसभा एवं इटावा रूट में प्रातः करीब 10 बजे भरतपुर खुर्द, ऊसराहार कस्बा स्थित आरके फार्म हाउस तथा मूर्छा शनि देव मंदिर सहित निर्धारित स्थानों से यात्रा के गुजरने का कार्यक्रम है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के निर्धारित मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। जिन स्थानों पर यात्रा का पड़ाव अथवा स्वागत कार्यक्रम प्रस्तावित है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। नगर निकाय एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को पक्का बाग, नगरपालिका चौराहा, गोपाला मंदिर बकेवर सहित यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जहां वृक्षारोपण एवं अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, वहां भी तैयारियां पहले से पूर्ण करने को कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस एवं यातायात अधिकारियों को यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा यात्रा के आवागमन के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन एवं वैकल्पिक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग का भ्रमण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कहा कि वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प यात्रा के जनपद से होकर गुजरने के दौरान सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064