
इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गांव के पास बुधवार को ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार कक्षा 11 की छात्रा घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवन्तनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
नगला हरचंद गांव निवासी 16 वर्षीय अनुप्रिया जसवन्तनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में कक्षा 11 की छात्रा है। बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान मलाजनी गांव के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नजदीक आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अनुप्रिया सड़क पर गिरकर घायल हो गई। सूचना पर उपनिरीक्षक शुभम वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस के ईएमटी धीरेन्द्र सिंह की मदद से घायल छात्रा को सीएचसी जसवन्तनगर पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की हालत को देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064