इटावा में माकपा की विभिन्न ब्रांचों में आयोजित हुईं श्रद्धांजलि सभाएं, वक्ताओं ने उनके संघर्षों और योगदान को किया याद

इटावा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दिवंगत नेता सीताराम येचुरी की दूसरी पुण्यतिथि पर शनिवार को इटावा जिले में माकपा की विभिन्न ब्रांचों में श्रद्धांजलि सभाएं एवं संगोष्ठियां आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
माकपा जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह ने सीताराम येचुरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे जनता के संघर्षों के सच्चे साथी थे। उन्होंने साम्प्रदायिकता और नफरत की राजनीति के खिलाफ धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। साथ ही मेहनतकश जनता के जीवन और जीविका, संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए आजीवन लड़ाई लड़ी।
उन्होंने कहा कि सीताराम येचुरी के निधन से वामपंथी एवं धर्मनिरपेक्ष ताकतों को अपूरणीय क्षति हुई है। वे उच्च कोटि के वक्ता, लेखक, संपादक, मार्क्सवादी शिक्षक और श्रेष्ठ सांसद थे। उन्होंने कहा कि येचुरी इंडिया गठबंधन के शिल्पकारों में से एक थे।
मुकुट सिंह ने कहा कि उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए मेहनतकश जनता को एकजुट कर संघर्ष को आगे बढ़ाना ही सीताराम येचुरी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माकपा के वरिष्ठ नेता प्रेम शंकर यादव ने की, जबकि संचालन सचिव मंडल सदस्य डॉ. शौकीन सिंह ने किया। इस अवसर पर राजेश्वरी यादव, सकट नारायण सविता, मनोज राठौर तथा डीवाईएफआई के जिला मंत्री नितिन यादव सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कामरेड सीताराम येचुरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके अलावा ताखा, भरथना, यासीनगर, खड़कौली और जसवन्तनगर में भी श्रद्धांजलि सभाएं एवं संगोष्ठियां आयोजित की गईं।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064