
संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को इटावा में एसआईआर रद्द करने वोट चोरी रोकने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन संयुक्त किसान मोर्चा की उत्तर प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य एवं किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री कामरेड मुकुट सिंह ने सौंपा। इसमें ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’, ‘एसआईआर रद्द करो’, ‘ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो’ और ‘वोट के अधिकार पर हमले बंद करो’ जैसे नारे देते हुए चुनाव प्रक्रिया में सुधार की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने कथित वोट चोरी पर रोक लगाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई। इसके साथ ही चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित वर्ष 2023 में किए गए संशोधन को रद्द कर नियुक्ति प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को फिर से शामिल करने की मांग की गई, ताकि चुनाव आयोग की स्वायत्तता सुनिश्चित हो सके। मोर्चा ने व्यापक चुनाव सुधार करने और चुनाव में धनबल व बाहुबल के प्रभाव पर अंकुश लगाने की भी मांग उठाई।
संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से उत्तर प्रदेश में 23 अक्टूबर को विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर 24 अक्टूबर को जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में इटावा में भी राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा गया।
इस दौरान किसान सभा के जिला मंत्री संतोष शाक्य, वरिष्ठ नेता कामरेड प्रेम शंकर यादव और नौजवान सभा डीवाईएफआई के प्रांतीय संयुक्त मंत्री नितिन यादव भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने तथा मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064