
इटावा : 14 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 30 बूथ, स्नातक के 19,951 और शिक्षक निर्वाचन के 3,929 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को विकास भवन से कुल 30 पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिले में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव तथा मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

23,880 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए जनपद में कुल 14 मतदान केंद्रों पर 30 बूथ बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन के लिए 19,951 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 3,929 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 23,880 मतदाता मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधि के चयन की प्रक्रिया में भाग लेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।
पहचान पत्र के बिना नहीं कर सकेंगे मतदान

मतदान के दौरान मतदाताओं को अपनी पहचान प्रमाणित करने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी उपलब्ध नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों-विधायकों एवं पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र तथा संबंधित शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र शामिल हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड भी निर्धारित विकल्पों में शामिल हैं।

मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश
निर्वाचन के मद्देनजर मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित मतदान केंद्रों पर सामान्य शासकीय कार्यों के स्थान पर निर्वाचन संबंधी कार्य संपन्न कराए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचें, आवश्यक पहचान पत्र साथ लेकर आएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064