
वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा पर साधा निशाना, चुनाव आयोग की भूमिका पर भी उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के एमएलसी चुनाव में सैफई स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को ‘वोट चोरी की यूनिवर्सिटी’ खोलनी चाहिए और अपने कार्यकर्ताओं को तीन साल का कोर्स कराना चाहिए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग सपा समर्थकों को मतदान करने से रोक रहे हैं और मतदान केंद्रों पर दहशत का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी तंज कसते हुए कहा, “उम्मीद है कि चुनाव आयोग नींद की गोली खाकर नहीं सो रहा होगा।”
सपा प्रमुख ने मतदान प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त करते हुए चुनाव आयोग से निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। उनके बयान के दौरान भाजपा पर वोट चोरी के आरोप और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक माहौल चर्चा में रहा। इसके साथ ही आज सैफई मतदान केन्द्र पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव अपनी धर्मपत्नी श्रीमती, सरला यादव व करेल के विधायक तेज प्रताप यादव ने भी वोट डाला।
रिपोर्ट: रजत यादव
जन नीति 24, इटावा
मो. 7417197064