
इटावा में सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को विकास भवन परिसर में दिव्यांग जनों के लिए सहायक एवं कृत्रिम उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा की सदर विधायिका श्रीमती सरिता भदौरिया ने दिव्यांगजनों को 220 से अधिक आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए। उपकरण प्राप्त करने के बाद दिव्यांग जनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

शिविर के दौरान 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 70 एमआर किट, 35 व्हीलचेयर, 52 ट्राईसाइकिल सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों से दिव्यांग जनों को आवागमन और दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायिका श्रीमती सरिता भदौरिया ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांग जनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए आत्मविश्वास और स्वावलंबन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। शिविर में उपकरण पाकर लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए इस पहल को अपने लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, समेकित शिक्षा समन्वयक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064