
कासगंज में घर से लाखों रुपये की नकदी और जेवर लेकर प्रेमी से मिलने पहुंची 18 वर्षीय युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, युवती अपने प्रेमी पर साथ भागने का दबाव बना रही थी और ऐसा न करने पर उसे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। पीछा छुड़ाने और नकदी-जेवर हासिल करने के लिए प्रेमी ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर गांव की है। यहां रहने वाली नेहा का शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक ट्यूबवेल की छत पर मिला। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। परिजनों के मुताबिक नेहा अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से करीब तीन लाख रुपये और जेवर लेकर निकली थी। घर में ये नकदी और जेवर निशा की अक्टूबर में होने वाली शादी के लिए रखे गए थे।
रात में घर से निकली सुबह मिली लाश
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। तड़के करीब तीन बजे पता चला कि नेहा घर में नहीं है। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार को घर से करीब 500 मीटर दूर ट्यूबवेल की छत पर उसका शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पांच टीमें गठित की।
पैसों और जेवर के लालच में रची साजिश
एसपी ओपी सिंह के मुताबिक जांच में सामने आया कि समीर की नेहा से कुछ समय पहले दोस्ती हुई थी। इससे पहले नेहा की अरशद से भी दोस्ती थी। पुलिस के अनुसार समीर को पैसों की जरूरत थी और नेहा ने कुछ दिन पहले उसे आठ हजार रुपये दिए थे।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद नेहा ने समीर को बताया कि उसकी मां के पास कमेटी के रुपये और जेवर रखे हैं। उसने समीर से कहा कि यदि वह उसे अपने साथ ले जाएगा तो वह रुपये और जेवर लेकर आएगी। आरोप है कि साथ न ले जाने पर नेहा ने समीर को मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी थी।
तीन दोस्तों के साथ मिलकर बनाया हत्या का प्लान
पुलिस के अनुसार समीर ने अरशद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर नेहा से पीछा छुड़ाने और उसके पास मौजूद नकदी-जेवर हासिल करने की योजना बनाई। नेहा जब करीब 1 लाख 35 हजार 100 रुपये और सोने-चांदी के जेवर लेकर पहुंची तो आरोपी उसे फतेह सिंह के खेत में बने ट्यूबवेल की चारदीवारी के अंदर ले गए।
आरोप है कि वहां पहले नेहा का उसी के दुपट्टे से गला दबाया गया। बेहोश होने के बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए कपड़े और चप्पल जलाए
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने नेहा के कपड़े और चप्पल उतारकर खेत के पास पुरानी रेलवे लाइन की झाड़ियों में जला दिए। बैग और मोबाइल की सिम को भी नष्ट करने का प्रयास किया गया।
आरोपियों ने शव को जलाने की भी कोशिश की, लेकिन इसी दौरान किसी वाहन की रोशनी दिखाई देने पर वे घबरा गए और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से करीब दो दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी की थी।
हेडफोन बना अहम सुराग चार आरोपियों तक पहुंची पुलिस
हत्या की जांच के दौरान घटनास्थल से मिला एक हेडफोन पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और युवती के प्रेमी समीर समेत चार आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 35 हजार रुपये से अधिक की नकदी, जेवर और मोबाइल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार जांच में युवती से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।