
भरथना रेलवे स्टेशन के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय राजमिस्त्री राजेश कुमार की मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जीआरपी ने शव की पहचान की। परिजनों को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे।
मृतक राजेश कुमार पुत्र डिबोल सिंह इटावा कोतवाली क्षेत्र के गाड़ीपुरा निवासी थे। वह राजमिस्त्री का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार को वह काम करने के बाद कानपुर अपनी बहन से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह कानपुर पहुंच गए होंगे।
देर रात तक राजेश कुमार के घर वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच गुरुवार सुबह जीआरपी द्वारा शव की पहचान राजेश कुमार के रूप में किए जाने की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।