
भरथना क्षेत्र के साम्हो स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों के बीच मारपीट की घटना के बाद बुधवार सुबह कक्षा सात का 13 वर्षीय छात्र आर्यन राठौर स्कूल की बाउंड्री कूदकर बाहर निकल गया। छात्र के लापता होने की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। पुलिस, स्कूल स्टाफ और परिजन छात्र की तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन तोमर के अनुसार मंगलवार शाम कक्षा 11 के छात्र विनायक और अभिनव ने कक्षा सात के चार-पांच छात्रों के साथ मारपीट की थी। घटना के बाद दोनों छात्रों को निलंबित कर उनके परिजनों के साथ विद्यालय से भेज दिया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि आर्यन इस मारपीट की घटना में शामिल नहीं था और उसके साथ मारपीट नहीं हुई थी।
वहीं आर्यन के पिता सुनील का कहना है कि उनके बेटे ने मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे फोन कर उन्हें सुबह स्कूल आने के लिए कहा था। बुधवार सुबह जब वह विद्यालय पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि आर्यन बाउंड्री कूदकर बाहर निकल गया है। पिता के मुताबिक, विद्यालय में मौजूद कुछ छात्रों ने उन्हें बताया कि आर्यन के साथ मंगलवार रात और उससे एक दिन पहले भी मारपीट हुई थी।
छात्र के पिता और विद्यालय प्रबंधन के बयानों में सामने आए इस विरोधाभास के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया कि आर्यन बुधवार सुबह करीब पांच बजे विद्यालय से बाहर निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है। वहीं पुलिस और कई टीमें छात्र की तलाश में जुटी हैं। पुलिस विद्यालय परिसर के आसपास के क्षेत्रों के साथ संभावित स्थानों पर भी छात्र की तलाश कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आर्यन विद्यालय से बाहर निकलने के बाद कहां गया। पुलिस और विद्यालय प्रबंधन की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।