
जनपद इटावा के तहत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ग्राम खड़ैता, नगला बरी के पास विगत रात्रि एक युवक की हत्या की घटना को लेकर किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने थाना चौबिया पुलिस पर क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
मुकुट सिंह ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और हाईवे पर युवक की हत्या की घटना थाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार हो रहे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें छिपाकर शासन को गुमराह किया जा रहा है। थाना पुलिस का रवैया आम जनता के प्रति संवेदनहीन बना हुआ है, जिसके चलते क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा और भय का माहौल व्याप्त है।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव से युवक की हत्या की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा हत्या में शामिल दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
मुकुट सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाया जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
रजत यादव पत्रकार
मो.7417197064