
जनपद इटावा के मैनपुरी रेलवे ट्रैक पर स्थित राहतपुरा फाटक के पास आज बीती रात्रि को मालगाड़ी की चपेट में आने से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 19 वर्षीय छात्र रोहन श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 18 वर्षीय छात्रा नगमा उर्फ सोनी गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने रोहन श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नगमा उर्फ सोनी को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया।

मृतक रोहन श्रीवास्तव पुराना भरथना निवासी सुनील श्रीवास्तव का 19 वर्षीय पुत्र बताया गया है। वहीं घायल छात्रा नगमा उर्फ सोनी औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के फतेहपुर बेनी निवासी खलील की 18 वर्षीय पुत्री बताई जा रही है। दोनों मैकेनिकल इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्रा बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों छात्र-छात्रा रेलवे ट्रैक के पास किन परिस्थितियों में पहुंचे। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस हादसे के साथ-साथ दोनों के एक साथ वहां पहुंचने और संभावित आत्महत्या के प्रयास समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सीओ सिटी अवनीश सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस रेलवे ट्रैक के आसपास के घटनाक्रम, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।