
इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के तहत कांशीराम कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए मृतक की नाबालिग पुत्री और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 21 अक्टूबर की रात कथित तौर पर प्रेम प्रसंग का विरोध किए जाने पर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी थी।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसके पिता को उसके प्रेम संबंध के बारे में पता चल गया था। पिता इसका विरोध कर रहे थे, जिसके चलते उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
नींद की गोली देकर की हत्या, शव बक्से में छिपाया
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले श्याम सुंदर को नींद की गोली दी और फिर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद चाकू से गला काटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर सिलबट्टे से वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने का मौका नहीं मिलने पर कंबल में लपेटकर बक्से में बंद कर दिया। मकान के बाहर गेट का ताला लगाकर दोनों फरार हो गए थे।

घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से से शव बरामद किया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की नाबालिग पुत्री और उसके कथित प्रेमी अभिलाष निवासी अहेरीपुर, बकेवर को प्रेमी के घर से गिरफ्तार कर लिया।
एसओजी और सर्विलांस की मदद से हुआ खुलासा
एसएसपी श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी सिटी बबीता सिंह के निर्देशन में तथा सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर केके मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ मामले की जांच की। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064