जनपद इटावा के एसएसपी श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन पर आज ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग में रकम दोगुनी-तिगुनी करने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले अन्तर्जनपदीय साइबर सिंडिकेट का इटावा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसओजी, सर्विलांस और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने बाइस ख्वाजा तिराहे के पास काली स्कॉर्पियो को रोककर एक युवक, एक अभियुक्ता और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने वाहन की तलाशी में 15 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, Dell लैपटॉप, चेकबुक, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए। इसके अलावा गेमिंग आईडी-पासवर्ड, QR कोड, ग्राहकों की सूची और करोड़ों रुपये के डिजिटल लेनदेन से संबंधित डेटा भी मिला।

पुलिस के अनुसार गिरोह सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को ऑनलाइन गेमिंग में भारी मुनाफे का लालच देता था। व्हाट्सएप के जरिए गेमिंग आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराकर म्यूल बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। रकम निकालने की मांग करने पर आईडी ब्लॉक कर दी जाती और जमा पैसा हड़प लिया जाता था।
जबकि झांसी का निवासी सुमित साहू 25 हजार रुपये का इनामी कथित सरगना सुमित साहू मौके से फरार हो गया।पुलिस के अनुसार वह फर्जी सिम उपलब्ध कराने, विभिन्न शाखाओं के संचालन और ठगी की रकम के बंटवारे का प्रबंधन करता था। पुलिस अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रांजल राय निवासी झांसी, एक अभियुक्ता और एक बाल अपचारी शामिल हैं। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी सीज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम को एसएसपी इटावा ने 20 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064