
कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र के बहवलपुर गांव में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। धमाके में गंभीर रूप से घायल कारीगर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले में फैक्ट्री संचालक शिवकुमार और उसके दो पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद एसपी विनोद कुमार ने चौकी प्रभारी रावेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, संदीप और कांस्टेबल अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बताया गया है कि पिछले वर्ष भी आरोपी के घर से अवैध पटाखे बरामद किए गए थे। इसके बावजूद कार्रवाई और जांच में कथित ढिलाई बरते जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच सीओ छिबरामऊ को सौंप दी है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हादसे के बाद अवैध पटाखा निर्माण को लेकर प्रशासन की निगरानी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
रजत यादव पत्रकार
जन नीति 24 इटावा
मो.7417197064